कमेटी चलाने वाली महिला एक लेनदार को गंगनहर में कूदकर आत्महत्या करने की धमकी भरा वीडियो भेजकर अचानक लापता हो गई। वीडियो देख लेनदार के होश उड़ गए। वह आननफानन में कोतवाली पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस महिला के परिजनों और रिश्तेदारों से उसके संबंध में जानकारी जुटा रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला कमेटी चलाती है, जिसमें कई लोगों ने अपनी रकम लगा रखी है। कुछ दिन पहले रकम लगाने वाले लोगों ने अपना पैसा वापस मांगा, लेकिन महिला बहाना बनाने लगी। इस पर लेनदार रकम वापस करने का लगातार दबाव बनाने लगे। कई लोगों ने करीब 15 दिन पूर्व पुलिस में शिकायत की थी। शुक्रवार को इस मामले में नया मोड़ आ गया। महिला ने अपने एक लेनदार के मोबाइल पर एक वीडियो भेजी, जिसमें वह लेनदारों से परेशान होकर गंगनहर में कूदकर आत्महत्या करने का जिक्र कर रही है। इसके बाद महिला का मोबाइल बंद हो और वह लापता हो गई। वीडियो देखकर लेनदार के हाथपांव फूल गए। वह तुरंत कोतवाली पहुंचा और पुलिस को वीडियो दिखाई। एसआई बारू सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में कमेटी चलाने वाली महिला के परिजनों और रिश्तदारों से जानकारी जुटाई जाएगी।