लालचंदवाला और अब्दीपुर के बाद अब सोमवार रात मिर्जापुर सादात गांव हर्ष फायरिंग से सहम गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है।
शनिवार रात को खानपुर थाना क्षेत्र के लालचंदवाला गांव में शादी समारोह में चली गोली से एक नौ वर्ष के बच्चे की मौत हो गई थी। वहीं, रविवार शाम को अब्दीपुर गांव में शादी समारोह में भी हर्ष फायरिंग की गई थी। ग्रामीणों ने फायरिंग करने वाले युवकों को दौड़ा दिया था। मामले में पुलिस पड़ताल कर रही है। इस मामले में कुछ पता नहीं चल पाया है। सोमवार रात को मिर्जापुर सादात गांव में भी फायरिंग हुई।
इस फायरिंग को भी हर्ष फायरिंग बताया जा रहा है। फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ पाए। गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी समीप पांडे ने बताया कि अब्दीपुर और मिर्जापुर सादात गांव में हुई फायरिंग के मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। जांच के बाद फायरिंग करने वालों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।