नगर में मिनी बस चोरी की वारदात को नाबालिग ने अंजाम दिया था। चंद घंटों के भीतर ही चोरी हुई मिनी बस को बरामद करते हुए पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लिया है। आरोपी के साथ वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी की जा रही है।
लक्सर निवासी यशवंत ने तहरीर देकर बताया था कि 13 मई की सुबह करीब चार बजे उसकी मिनी बस का चालक वाहन को रुड़की तिराहे के पास खड़ी कर चाय पीने के लिए गया था। इसी दौरान किसी ने उसकी बस चोरी कर ली। वापस आने पर चालक को बस गायब मिली। तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरी हुई मिनी बस की तलाश कर रही थी।
सीसीटीवी की मदद से एएसआई रंजीत नौटियाल, कांस्टेबल ध्वजवीर चौहान और गंगा सिंह की टीम ने चंद घंटों में वारदात का खुलासा करते हुए लक्सर - बिजनौर मार्ग से चोरी हुई मिनी बस को बरामद कर लिया। पुलिस ने मिनी बस चोरी कर ले जा रहे एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी किशोर ने वाहन चोरी कर ले जाने की बात स्वीकार की है। साथ ही मामले में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।