रुड़की में नारकोटिक दवाओं के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए बृहस्पतिवार को चंद्रपुरी क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर पर औचक छापे मारे गए। इस दौरान कुछ नारकोटिक दवाएं मिली हैं जिसके बिल की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि मेडिकल स्टोर के बाबत शिकायत मिल रही थी कि बिना डॉक्टर के पर्चे के दवाएं दी जा रही हैं। इसपर पुलिस के साथ संयुक्त छापा मारा। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर के पास निचले तल पर स्टोर संचालन का लाइसेंस है लेकिन तीसरी मंजिल तक दवाओं का स्टोर किया गया है।
इस दौरान ट्रामाडोल आदि दवाएं भी मिली हैं। इन दवाओं के संबंध में कागजात के साथ जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो मेडिकल स्टोर को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। छापे में ड्रग विभाग के अधिकारी हरीश कुमार सहित अन्य कर्मचारी और गंगनहर कोतवाली पुलिस बल मौजूद रहा।