शादी के तीन दिन बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया और पति, पत्नी को मायके छोड़ आया। इस बीच दोनों पक्षों में विवाद हो गया और मामला कोतवाली तक जा पहुंचा। अब विवाहिता ने पति के साथ रहने से इन्कार कर दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक के साथ हंगामा हो गया। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी युवती की शादी 25 फरवरी को पुरकाजी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। युवती पक्ष का आरोप है कि शादी के तीन दिन बाद ही युवक उसे मायके छोड़ गया। साथ ही दहेज की मांग करने लगा। समझाने के बाद भी युवक नहीं माना और पत्नी को ले जाने से इन्कार कर दिया।
मामले में दोनों पक्ष सोमवार को कोतवाली पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। इस बीच दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। युवती पक्ष ने शादी में हुए खर्च की मांग की। युवती ने भी ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। वहीं, युवक पक्ष ने खर्च देने इन्कार कर दिया। इसे लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह चल रही है।