लक्सर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता (35 वर्ष) की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस और विवाहिता के मायके वालों को जानकारी दिए बगैर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक की शादी जनपद बिजनौर के एक गांव में हुई थी। बताया जाता है कि रविवार को युवक की पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर अस्पताल जाने लगे, लेकिन इस बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद विवाहिता के ससुराल वाले उसे श्मशानघाट ले गए और पुलिस और मायके वालों को जानकारी दिए बगैर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक शव का दाह संस्कार हो चुका था। जानकारी मिलने पर सोमवार को विवाहिता के मायके वाले भी लक्सर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि अभी विवाहिता के मायके वालों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।