दहेज में 10 लाख की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि पति ने पत्नी के मायके पहुंचकर मारपीट कर दी और तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत चार पर केस दर्ज कर लिया है। मंगलौर के मोहल्ला टोल निवासी खालिद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी करीब ढाई साल पहले उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के रानी का बसेड़ा गांव निवासी सोनू के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले बेटी को दहेज के लिए परेशान करने लगे।
इस बीच उसकी बेटी ने एक पुत्री को जन्म दिया। आरोप है कि इसके बाद ससुरालियों ने और उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोप है कि पुत्री को जन्म देने के बाद ससुरालियों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। साथ ही दहेज में 10 लाख रुपये लाने के बाद ही घर में रखने की बात कही। तभी से विवाहिता अपने मायके में रह रही थी।
आरोप है कि तीन दिन पहले विवाहिता का पति उसके घर पहुंचा और मारपीट कर दी। साथ ही तीन तलाक दे दिया। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर सोनू, कुर्बान, मुंतजिर और शहनाज निवासी रानी का बसेडा, मुजफ्फरनगर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।