लक्सर। पत्नी और एक बेटी होने की जानकारी छिपाकर युवक ने धोखे से दूसरी शादी रचा ली। नवविवाहिता पहली बार जब ससुराल पहुंची तोे पति की करतूत के बारे में सुनकर उसके होश उड़ गए। वह मायके वालों के साथ घर लौट गई। उसके पिता ने पुलिस को तहरीर दी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने 29 जून को अपनी बेटी का विवाह क्षेत्र के ही एक गांव में किया था। शादी के बाद जब पहली बार नवविवाहिता ससुराल पहुंची तो पति के पहले से शादीशुदा होने और एक बेटी होने का पता चला। यह भी पता चला कि पति की पहली पत्नी अपनी बेटी के साथ काफी समय से मायके में रह रही है। उसने मायके वालों को इसकी जानकारी दी। परिवार के लोग बेटी के ससुराल पहुंचे और उसे ले आए। दोनों पक्षों के लोगों ने मामले में सुलह के प्रयास किए, लेकिन कोई हल नहीं निकला। शुक्रवार देर शाम उसके पिता ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी हेमेंद्र सिंह नेगी ने मामला रायसी चौकी पर भेज दिया है। रायसी चौकी प्रभारी ब्रजपाल सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।