दहेज में छह लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के झबीरन गांव निवासी मंजू ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनकी शादी वर्ष 2017 में सुनीत कुमार निवासी श्याम बिहारी नंद विहार कॉलोनी, रुड़की के साथ हुई थी। उनके पिता ने शादी में करीब 28 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे खुश नहीं थे। आरोप है कि 25 फरवरी 2020 को ससुरालियों ने दहेज में छह लाख रुपये और मांगे। विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। उन्होंने शिकायत पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद महिला हेल्पलाइन में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। अब महिला हेल्पलाइन ने मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र भेजा है। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुनीत कुमार, कमलेश, ज्ञानचंद, संजय, अंजू, मंजू और मेघराज निवासी श्याम बिहारी नंद विहार कॉलोनी, रुड़की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।