विशेष पंजीकरण और लाइसेंसिंग अभियान के तहत 100 से अधिक के बने लाइसेंस
अधिकारी बोले, अवैध रूप से चल रहे कारोबार पर अंकुश लगाना है इसका उद्देश्य
मंगलौर। मंडी समिति की ओर से व्यापारियों और विक्रेताओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को बड़ी सफलता मिली है। समिति ने मंगलौर, झबरेड़ा और नारसन क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर 100 से अधिक फुटकर विक्रेताओं के नए लाइसेंस जारी किए हैं।
मंगलौर मंडी सचिव देवेन कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की ओर से पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में विशेष पंजीकरण और लाइसेंसिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से चल रहे कारोबार पर अंकुश लगाना और छोटे विक्रेताओं को शासन के नियमों के अंतर्गत लाना है। मंडी समिति की टीमों ने मंगलौर, झबरेड़ा, नारसन व ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर और मौके पर जाकर लाइसेंस प्रक्रिया पूरी की। मंडी सचिव ने अन्य बचे हुए विक्रेताओं से भी अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने दस्तावेज जमा कर लाइसेंस बनवा लें अन्यथा भविष्य में जुर्माना लगाया जा सकता है।
मंडी समिति का लक्ष्य है कि हर छोटा-बड़ा व्यापारी पंजीकृत हो। लाइसेंस होने से जहां विक्रेताओं को कानूनी मान्यता मिलती है वहीं मंडी समिति के राजस्व में भी वृद्धि होती है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
देवेन कुमार, सचिव, मंडी, मंगलौर