बीटी गंज, मेन बाजार और सिविल लाइंस समेत प्रमुख बाजारों में ग्राहक पहुंचने से कतरा रहे
दुकानों के बाहर सामान फैलाने से आवागमन बाधित, व्यापारियों ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की उठाई मांग
रुड़की। शहर के प्रमुख बाजारों में पार्किंग की सुविधा का अभाव और लगातार बढ़ता अतिक्रमण व्यापारियों के कारोबार पर भारी पड़ रहा है। हालात यह है कि बाजारों में ग्राहकों के वाहन प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, भीड़ और जाम से बचने के लिए लोग बाजारों में खरीदारी करने के बजाय ऑनलाइन शॉपिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे बीटी गंज, मेन बाजार, सिविल लाइंस, पहाड़ी बाजार और अनाज मंडी समेत कई प्रमुख बाजारों में बिक्री प्रभावित हो रही है।
व्यापारियों का कहना है कि बाजारों में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा दुकानदारों की ओर से दुकानों के बाहर सामान रखने से रास्ते संकरे हो रहे हैं। ऐसे में ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं। कपड़े, घरेलू उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और ब्यूटी प्रोडक्ट समेत कई वस्तुओं की ऑनलाइन बुकिंग बढ़ रही है। व्यापारी उमंग और शशांक अग्रवाल आदि ने बताया कि बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाना चाहिए। सभी व्यापारियों को भी निर्देश दिए जाएं कि वे अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा में ही सामान रखें। इससे बाजारों में आवागमन सुचारु होगा और ग्राहकों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। वहीं, रुड़की कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि यातायात पुलिस की ओर से अनाउंसमेंट कर व्यापारियों को दुकानों के बाहर सामान नहीं रखने और ग्राहकों के वाहन खड़े नहीं होने देने की हिदायत दी गई है। ग्राहकों से भी अपील की गई है कि संभव हो तो वाहन लेकर बाजार में न आएं। व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन से करीब 70 प्रतिशत काम प्रभावित हो चुका है। इस संबंध में मेयर अनीता अग्रवाल का कहना है कि शहर में स्थायी और अस्थायी पार्किंग के लिए योजना बनाई जा रही है। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कर समस्या का समाधान किया जाएगा।
पार्किंग की समस्या से जूझ रहा रुड़की, सालों बाद भी नहीं बना स्थायी ठिकाना
व्यावसायिक और शैक्षिक गतिविधियों के लिए पहचान रखने वाला रुड़की शहर आज तक पार्किंग की सुविधा से वंचित है। शहर में कोई निर्धारित पार्किंग स्थल नहीं होने से वाहन चालकों और बाजार आने वाले ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पुरानी कचहरी में विकास प्राधिकरण की ओर से डबल स्टोरी पार्किंग बनाने की योजना तैयार की गई थी लेकिन यह अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी। वहीं, पड़ाव और गंगनहर किनारे पार्किंग बनाने की योजनाएं भी एनओसी नहीं मिलने के कारण अटक गई। ऐसे में ग्राहक निजी वाहनों से बाजार तो पहुंचते हैं लेकिन उन्हें खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिलती। मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर पुलिस नो पार्किंग में कार्रवाई कर देती है। वर्षों से पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं होने से व्यापारियों के साथ ग्राहकों की मुश्किलें भी बढ़ रही है।