विधानसभा क्षेत्र मंगलौर के लिए गर्व का क्षण है। उत्तराखंड सरकार की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के अंतर्गत मेरे सपनों का उत्तराखंड-एक विकसित राज्य के लिए मेरा दृष्टिकोण विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, मंगलौर की कक्षा 11 की छात्रा आमना का चयन राज्यस्तर पर हुआ है।
जिला और मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आमना ने अपने निबंध में शिक्षा की गुणवत्ता, युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तिकरण, पलायन की रोकथाम और देवभूमि की संस्कृति के संरक्षण जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनकी इस उपलब्धि पर शासन स्तर से उन्हें 18 सितंबर (आज) को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से सम्मानित किए जाने के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रधानाचार्या डॉ. दीपिका सैनी और प्रबंधक डॉ. रविंद्र कपूर ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।