कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ढाई महीने पहले चोरी की गई एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
बृहस्पतिवार को पुलिस टीम सिक्खर तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान निकित, निवासी सिक्खर थाना मंगलौर के रूप में हुई है।
बरामद बाइक 15 जनवरी को सिक्खर गांव से चोरी हुई थी। बाइक स्वामी नीशू, निवासी आमखेड़ी ने घटना के संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की नजरों से बच रहा था। बरामद बाइक को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।