आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली के बाहर एकत्र हुए लोगों की भीड़।
- फोटो : ROORKEE
देर रात टांडा गांव में व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने भीम आर्मी के पदाधिकारियों के साथ कोतवाली में जमकर हंगामा किया। उन्होंने कुछ लोगों पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का भरोसा दिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के टांडा गांव निवासी लोकेश (40) पुत्र तिलखा की शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। वहीं, रविवार सुबह भीम आर्मी के जिला प्रवक्ता दीपक मौर्य के साथ टांडा गांव के मेघराज, बंटी, धीरज, नवीन, नीटू, दीपक, गौरव, रामधन, धीर सिंह, रोहित, पाल्लेराम आदि ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामले में ग्रामीण हत्या का केस दर्ज करने की मांग करने लगे। इसके बाद कोतवाल ने कुछ ग्रामीणों को बुलाकर वार्ता की। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के एक व्यक्ति ने लोकेश को अपने घर बुलाया था। वहां तीन लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। उनका कहना था कि इसके बावजूद पुलिस ने केवल एक व्यक्ति को ही हिरासत में लिया है। उन्होंने हत्या का मुकदमा दर्ज करने और बाकी दोनों को भी गिरफ्तार करने की मांग की। कोतवाल हेमेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि मृतक के शरीर पर चोट का निशान आदि नहीं है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।