साझे में बियर बार खोलने का झांसा देकर एक रिटायर्ड सैन्य अधिकारी से साढ़े तेरह लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। रिटायर सैन्य अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना कनखल क्षेत्र के जगजीतपुर गांव निवासी बलवीर सिंह ने लक्सर पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह फौज में अधिकारी थे। रुड़की के भंगेड़ी महावतपुर निवासी आनंद कुमार के साथ उनके पारिवारिक संबंध हैं। सेवानिवृत्ति के बाद वह अपना कोई व्यवसाय करना चाहता था। इसी बीच आनंद ने उनके साथ व्यवसाय करने का प्रस्ताव रखा और लक्सर में एक बियर बार खोलने की बात कही। दोनों में साझे व्यवसाय पर सहमति बनी तो आनंद ने बलवीर से दो बार में साढे़ छह लाख रुपये ले लिए। इसके बाद लक्सर में जमीन खरीदने के लिए भी 11 लाख रुपये लिए।
यह रकम एक महिला के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई गई। आरोप है कि इसके बाद आनंद ने एक बार फिर एक लाख रुपये लिए। बलवीर का आरोप है कि इसके बाद भी आनंद ने बियर बार की डील को अपने नाम करा लिया। इस पर जब उन्होंने आनंद से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने अपने परिवार की महिला के खाते से दो बार में पांच लाख रुपये लौटा दिए और बाकी की रकम देने से साफ इनकार कर दिया। कोतवाल हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आनंद और अंजली देवी निवासी शाही नगर भंगेड़ी महावतपुर रुड़की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।