मदरहुड विवि में विवि के एसोसिएट प्रोफेसर डा. गरिमा को मलेशिया की फेलोशिप मिलने पर सम्मानित करते क
- फोटो : ROORKEE
रुड़की। मदरहुड विश्वविद्यालय की विज्ञान संकाय की एसोसिएट प्रोफेसर डा. गरिमा शर्मा को मलेशिया की यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस द्वारा पोस्ट डॉक्टरल छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। इस छात्रवृत्ति में एक लाख 20 हजार की छात्रवृत्ति मिलेगी, जो मलेशियन मुद्रा में करीब 6500 रिंग्गित होंगे। बुधवार को विवि में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. नरेंद्र शर्मा की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि किसी प्रोजेक्ट को विदेश में सराहना मिलना और इसके बाद छात्रवृत्ति हासिल करना गौरव की बात है। डॉ. गरिमा शर्मा की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी रिसर्च को लेकर गंभीर होंगे। उन्होंने बताया कि यह छात्रवृत्ति विकासशील देशों के होनहार और लगनशील वैज्ञानिकों को दी जाती है, जिसमें वे विकसित देशों में जाकर रिसर्च करते हैं और नई-नई तकनीकों को सीखते हैं। इस छात्रवृत्ति में एक लाख 20 हजार की राशि मिलेगी। इस मौके पर फैकल्टी ऑफ साइंस के डीन और डायरेक्टर रिसर्च डॉ. एसबी शर्मा ने भी डॉ. गरिमा को बधाई देते हुए कहा कि सिर्फ उन्मुख अनुसंधान दृष्टिकोण होने से ही विवि और देश का विकास होगा। अगर सच्ची लगन और मेहनत से कुछ भी ठान लिया जाए तो सब संभव है। डॉ. गरिमा शर्मा ने बताया कि वह रिसर्च को लेकर बहुत गंभीर हैं तथा अपने देश के लिए कुछ करना चाहती हैं।
पीएचडी के बाद मिलता है मौका
कुलपति प्रो. नरेंद्र शर्मा ने बताया कि पोस्ट डॉक्टरल छात्रवृत्ति पीएचडी के बाद की जाती है। इसमें विद्यार्थी को छात्रवृत्ति मिलती है और वह किसी अच्छी रिसर्च लैब में जाकर काम कर सकता है।
नौकरी में मिलता है लाभ
विवि कुलपति प्रो. नरेंद्र शर्मा ने बताया कि पोस्ट डॉक्टरल छात्रवृत्ति करने के बाद शिक्षकों को सरकारी नौकरी में भी लाभ मिलता है। इसके उन्हें अलग से अंक दिए जाते हैं। मलेशिया की छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाली डॉ. गरिमा शर्मा भारत सरकार एवं राज्य सरकार से संबंधित पर्यावरण, जल संरक्षण, भारी तत्व आदि विषयों पर भी उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।