लक्सर शुगर मिल की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। बुधवार को शुगर मिल के कर्मचारियों ने गेट मीटिंग करते हुए फैक्ट्री प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शुगर मिल प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।
बुधवार को लक्सर शुगर मिल के कर्मचारियों ने गेट मीटिंग आयोजित की, जिसमें वक्ताओं ने कहा कि 22 जनवरी को फैसले के तहत शुगर मिल प्रशासन के अधिकारियों ने ग्यारह में से सात मांगेें मानने का भरोसा दिया था, लेकिन आज तक उन सात मांगों में से डंडा मैन का वेतन 3800 से बढ़ाकर पांच हजार करने के अलावा किसी अन्य मांग पर कोई कार्रवाई नही की गई है। उन्होंने बताया कि समझौते के तहत छह साल से ऊपर काम करने वाले कर्मचारियों को कंपनी ग्रेड-पे में किया जाना था। इसके अलावा रिवाइज वेतन लागू करना था। इसके बाद कर्मचारियों ने शुगरमिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों का नेतृत्व कर रहे मैनपाल सिंह ने कहा कि यदि विरोध प्रदर्शन के बाद भी शुगर मिल मांगों पर कार्रवाई नहीं करता है तो होली के बाद आंदोलन तेज किया जाएगा। इससे पहले जैसे ही शुगर मिल प्रशासन को कर्मचारियों की गेट मीटिंग की जानकारी मिली तो मौके पर पुलिस फोर्स बुला ली गई। इस दौरान धीरज सिंह, समय सिंह, श्यामसुंदर मणि, रविंद्र शर्मा, मौ. आरिफ, पाल सिंह, राकेश कुमार, जितेंद्र, नवाब सिंह, प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे।