खानपुर। सिकंदरपुर गांव से विद्युत लाइन ठीक कर बाइक से लौट रहे दो लाइनमैन पुरकाजी खानपुर बार्डर पर अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गए। दुर्घटना में एक लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
खानपुर गांव निवासी संदीप पुत्र सुखबीर खानपुर बिजलीघर में संविदा पर लाइनमैन के पद पर तैनात था। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के ही सिकंदरपुर गांव से बिजली की लाइन में खराबी आने की शिकायत आई थी। इस पर देर शाम लाइनमैन संदीप और लाइनमैन लाला बिजली की लाइन ठीक करने चले गए। पुलिस के अनुसार जब वह बिजली की लाइन ठीक कर यूपी के बढीवाला गांव के रास्ते वापस आ रहे थे तो बढीवाला खानपुर बार्डर पर सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। जिससे संदीप की मौके पर ही मौत हो गई और लाला गंभीर रूप से घायल हो गया। बार्डर पुलिस ने गंभीर रूप से घायल लाला को अस्पताल पहुंचाया और ट्रैक्टर ट्राली के चालक को पकड़ लिया। सूचना पाकर पुरकाजी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदीप के शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। ट्रैक्टर ट्राली चालक खानपुर गांव का ही बताया जा रहा है।