कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी महावतपुर गांव में बुधवार सुबह हाईटेंशन लाइन पर कार्य कर रहे एक लाइनमैन को करंट लग गया। हादसे में वह खंभे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और ऊर्जा निगम के खिलाफ नाराजगी जताई गई। घायल लाइनमैन को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे भंगेड़ी महावतपुर निवासी मुकीम (25) खंभे पर चढ़कर लाइन की मरम्मत का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट आ गया जिससे उसे जोरदार झटका लगा और वह सीधे जमीन पर गिर पड़ा। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे व परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों और परिजनों ने घायल लाइनमैन को शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता (नगरीय) अनिल कुमार मिश्रा, अवर अभियंता राहुल गिरी समेत अन्य अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद लाइनमैन की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि लाइनमैन के खंभे पर चढ़कर काम करने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया।
लाइनमैन को करंट किन परिस्थितियों में लगा, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घायल लाइनमैन के उपचार में ऊर्जा निगम हर संभव सहायता प्रदान करेगा। -विवेक राजपूत, अधीक्षण अभियंता
एक लाइनमैन की हो चुकी है मौत
जुलाई 2020 में भी ब्रह्मपुर बिजलीघर पर कार्य के दौरान केल्हनपुर निवासी लाइनमैन लियाकत की करंट लगने से मौत हो गई थी। परिवार ने पठानपुरा के पास स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय और बिजली घर पर जाकर ऊर्जा निगम पर लापरवाही के आरोप लगाकर नाराजगी जाहिर की थी।
अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने नोट की घटना की जानकारी
लाइनमैन को करंट लगने के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया था। हादसे की सूचना मिलने पर रुड़की कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल कर्मचारी का नाम पता समेत अन्य जानकारी को नोट किया है। पुलिस का कहना है की तहरीर मिलने पर जांच कर सबूत और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।