ऊर्जा निगम ने रोशनी के पर्व दीपावली को लेकर तैयारी पूरी कर ली है ताकि उपभोक्ताओं को त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो। त्योहारों के दौरान हर बिजलीघर पर एक-एक टीम कर्मचारियों की तैनात रहेगी जो 24 घंटे किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहेगी। इसके साथ ही त्योहारों के दौरान अति आवश्यक कार्य को छोड़कर शटडाउन नहीं दिया जाएगा।
दीपावली, धनतेरस और भैयादूज का त्योहार नजदीक आ चुके हैं। त्योहारों को लेकर सबसे अधिक दबाव ऊर्जा निगम पर रहता है। क्योंकि दीपावली पर बिजली की खपत बढ़ जाती है। वहीं ऊर्जा निगम के अधिकारियों का प्रयास रहता है कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न होने दी जाए। इसके लिए ऊर्जा निगम की ओर से करीब पंद्रह दिनों तक लाइनों की मरम्मत आदि का कार्य चल रहा था, जो पूरा हो चुका है। इसके बाद अब ऊर्जा निगम ने सभी बिजलीघरों पर एक-एक टीम तैनात की है। यह टीम त्योहार के दौरान किसी भी समस्या को मौके पर पहुंचकर तुरंत दूर करेंगी। यह भी तय कर दिया है कि त्योहारों के दौरान सामान्यत: शटडाउन नहीं दिया जाएगा। किसी बड़ी समस्या के होने पर ही शटडाउन दिया जाएगा। त्वरित व्यवस्था के लिए ऊर्जा निगम ने ट्राली ट्रांसफार्मर को भी दुरुस्त करा दिया है ताकि किसी क्षेत्र से ट्रांसफार्मर आदि में दिक्कत आने पर तुरंत ट्राली ट्रांसफार्मर की मदद से आपूर्ति शुरू की जा सके। शहरी क्षेत्र के अधिशासी अभियंता विजय कुमार सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली है। रोशनी के त्योहार पर उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।