लिब्बरहेड़ी और लक्सर शुगर मिल का पेराई सत्र हुआ शुरू, दूसरा साप्ताहिक भुगतान जारी किया
- बैंक की लेट लतीफी से खातों में देरी से पहुंच रहा भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। शुगर मिल ने आठ दिन तक आपूर्ति किए गए गन्ने का 19.50 करोड़ का दूसरा साप्ताहिक भुगतान जिले की गन्ना समितियों को भेज दिया है। चीनी मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह लांबा ने बताया कि चीनी मिल की ओर से लगातार साप्ताहिक भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसानों का गन्ना भुगतान प्राथमिकता पर रहेगा। किसानों के हित को देखते हुए यह कदम उठाए जा रहे हैं।
जिले में लिब्बरहेड़ी और लक्सर शुगर मिल का पेराई सत्र शुरू हो चुका है। दोनों शुगर मिलों में गन्ने की पेराई जारी है। बुधवार को उत्तम शुगर मिल की ओर से 13 से 20 नवंबर तक आपूर्ति हुए गन्ने भुगतान की राशि जिले की समितियों को भेजी गई। बता दें कि मिल ने पेराई सत्र शुरू करने के बाद अब दूसरी बार साप्ताहिक भुगतान जारी कर दिया गया है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष लांबा ने बताया कि क्षेत्र के किसानों से अपील है कि वह साफ-सुथरा गन्ना, जड़, पत्ती और अगोला रहित चीनी मिल में आपूर्ति कर अपना बेसिक कोटा बनाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी किसान कोल्हू संचालक के झांसे में न आए। उन्होंने कहा कि कोई भी किसान 0238 प्रजाति के गन्ने की बुवाई न करें, क्योंकि यह प्रजाति लाल सड़न रोग से ग्रस्त है। उधर, किसानों का कहना है कि शुगर मिल की ओर से भुगतान तो जारी कर दिया है, लेकिन वह भुगतान समिति और बैंक की लेट लतीफी से किसानों के खातों में देरी से पहुंच रहा है।