लक्सर। सिविल बार एसोसिएशन व लक्सर एडवोकेट एसोसिएशन के सभी अधिवक्ताओं ने लक्सर कोतवाली पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ धरना शुरू कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक एडवोकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के बेटे एवं तहसील के अधिवक्ता के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस नहीं किया जाएगा, अधिवक्ता धरना लगातार जारी रखेंगे।
लक्सर कोतवाली पुलिस ने विगत 31 मई को एडवोकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के बेटे एवं लक्सर तहसील के अधिवक्ता अभिषेक के खिलाफ पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन बाद में वकीलों ने कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया था। इस पर पुलिस ने उसे कोतवाली से ही 41 के नोटिस पर ध्यान देकर छोड़ दिया था। तभी से अधिवक्ता दर्ज किए गए मुकदमे को वापस किए जाने की मांग करते आ रहे हैं। अधिवक्ताओं ने इसे लेकर कार्य बहिष्कार भी कर रखा है। इसी से नाराज होकर मंगलवार को सिविल बार एसोसिएशन व एडवोकेट एसोसिएशन ने लक्सर तहसील मुख्यालय पर धरना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि लक्सर पुलिस दबंगई दिखा रही है, जिसके चलते वाहन चेकिंग के नाम पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। धरने में एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कुशल पाल सिंह, सिविल बार एसोसिएशन के अनूप सिंह पुंडीर के अलावा चंद्रपाल सिंह, सहदीप सिंह, हरीश राणा, रितेश कुमार, महिपाल सिंह, नीरज कुमार, शेर सिंह, सुमित चौधरी, सोनू राठी, राजपाल सिंह, जगजीत सिंह, सतेंद्र चौधरी, प्रदीप धीमान आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।