चोरों ने हार्डवेयर के सामान के एक गोदाम का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया है। चोर एक लैपटॉप और पीतल की 80 टोंटियां चोरी करके अपने साथ ले गए हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाली रुड़की पुलिस को दी गई तहरीर में लालकुर्ती निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह भवन निर्माण का काम करता है। उसने लेखानगर में एक गोदाम बनाया हुआ है। इसमें हार्डवेयर का सामान, पानी की टोंटियां व अन्य सामान रखता है। शनिवार रात को चोरों ने मौका पाकर गोदाम का ताला तोड़ दिया। चोर गोदाम के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने गोदाम में रखा लैपटाॅप, पीतल की 80 टोंटियां और अन्य सामान चोरी कर लिया।
रविवार सुबह जब वह गोदाम पर पहुंचा तो ताला टूटा देखकर वह दंग रह गया। गाेदाम के अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ मिला। गोदाम से लैपटॉप और पीतल की टोंटिया चोरी होने का पता चला। इसके बाद मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।