रुड़की। अमन चैन का संदेश देने के लिए लंढौरा कूच कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रुड़की में गिरफ्तार कर लिया। प्रदेश अध्यक्ष प्रो. सत्यनारायण सचान सहित करीब 71 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस कोतवाली लाया गया। देर शाम सभी को निजी मुचलकों पर रिहा कर दिया गया।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. सत्यनारायण सचान के साथ देहरादून, हरिद्वार और रुड़की आस पास के कार्यकर्ता लंढौरा जाने के लिए प्रशासनिक भवन पर जमा होने थे। मगर पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर उन्हें बोट क्लब रोड पर गिरफ्तार कर लिया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एसएन सचान ने कहा कि कल से रमजान माह की शुरूआत हो रही है, हम लोग लंढौरा पहुंचकर कस्बेवासियों से शांति व भाईचारे की अपील कर एकजुटता का संदेश देना चाहते थे। वहीं प्रदेश प्रवक्ता कुंवर दुर्गेश प्रताप सिंह ने बवाल की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि बवाल के आरोपियों को सजा मिलनी चाहिए। युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव चंद्रशेखर यादव ने कहा कि दंगे भड़काकर नफरत की राजनीति करने वालों का देशहित में बहिष्कार करना चाहिए। गिरफ्तारी देने वालों में युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष आशीष यादव, जिलाध्यक्ष नरेन्द्र गुर्जर, मौसम अली, मुकेश शर्मा, राव धन्नु, दिलशाद, कपिल यादव आदि शामिल रहे। वहीं सिविल लाइंस कोतवाली के एसएसआई गोविंद कुमार ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ताओं को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है।