लक्सर शुगर मिल का पेराई सत्र सात नवंबर से शुरू हो जाएगा। तीन नवंबर को मिल से गन्ना खरीद के लिए समितियों को इंडेंट जारी हो जाएगा। मिल प्रबंधन की ओर से इस बाबत सूचना जारी की गई है।
मिल प्रबंधन की ओर से मिल में मशीनों के ट्रायल का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। क्षेत्र में गन्ने की फसल भी कटाई के लिए तैयार खड़ी है। देहात क्षेत्र में गन्ना कोल्हुओं पर गन्ना पहुंच रहा है। इस बीच मिल प्रबंधन की ओर से सात नवंबर से पेराई सत्र शुरू करने की बात कही गई है। प्रबंधन की ओर से इसके लिए नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
शुगर मिल के गन्ना प्रबंधक डॉ. बीएस तोमर ने बताया कि तीन नवंबर को गन्ना खरीद के लिए लक्सर, ज्वालापुर, इकबालपुर समितियों को इंडेंट जारी कर दिया जाएगा। पांच नवंबर से तौल केंद्रों पर गन्ने की खरीद शुरू हो जाएगी। सात नवंबर को पूजा-अर्चना के साथ पेराई शुरू हो जाएगी। लक्सर शुगर मिल के प्रधान प्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि पेराई सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गन्ना समितियों को इंडेंट जारी करने की तैयारी की जा रही है।