भगवानपुर तहसील और ब्लॉक जाने वाले ग्रामीण परेशान, आए दिन हादसों का खतरा, लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग
भगवानपुर। ब्लॉक क्षेत्र के खेड़ी शिकोहपुर से डाडापट्टी होते हुए भगवानपुर और हरिद्वार जाने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग बदहाली का शिकार है। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसके चलते इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क का नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीण संदीप, राजवीर, विनय सैनी, राज कुमार, सूरज आदि ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को भगवानपुर से जोड़ता है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से भगवानपुर तहसील, ब्लॉक कार्यालय, बाजार और अन्य जरूरी कामों के लिए आवागमन करते हैं। सड़क की हालत खराब होने से सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। गहरे गड्ढों से बचने के चक्कर में कई बार वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। वहीं, सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों पर पूरी तरह उखड़ चुकी है जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी तक भर जाता है। इससे उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। कहा कि सड़क खराब होने के कारण आवागमन में लोगों को काफी दिक्कतों का समाना करना पड़ रहा है।
सड़क की हालत काफी समय से खराब है। रोजाना इसी मार्ग से आना-जाना पड़ता है। गड्ढों के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। - शफात अली
सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। रात के समय अंधेरे में इनका पता नहीं चलता, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार बाइक सवार इसमें गिरकर घायल भी हो चुके है। - असरफ अली
-
यह मार्ग कई गांवों के लोगों के लिए मुख्य रास्ता है। तहसील और ब्लॉक जाने के लिए भी इसी सड़क का इस्तेमाल करना पड़ता है। जिम्मेदार विभाग को जल्द सुध लेनी चाहिए। - कुरबान
-
बारिश में गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और खराब हो जाती है। कई बार वाहन चालक चोटिल होने से बचते हैं। सड़क का स्थायी समाधान होना चाहिए, ताकि लोगों को आने जाने में परेशानी न हो- बुद्धु