रुड़की। कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क हादसों को कम करने और यातायात व्यवस्था को सरल बनाने के लिए परिवहन विभाग नेशनल और स्टेट हाईवे पर सर्वे करने जा रहा है। एक जुलाई से परिवहन विभाग पुलिस और अन्य विभागों के साथ मिलकर सर्वे कराएगा। इसमें हाईवे पर कमियां खोजी जाएंगी, इसके बाद एक सप्ताह के अंदर इसकी रिपोर्ट हरिद्वार जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। इस सर्वे की रिपोर्ट में सुझाव और समाधान भी शामिल किए जाएंगे।
जुलाई में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। कांवड़ यात्रा में इस बार यातायात व्यवस्था की समस्या न हो और हादसे न हो, इसे लेकर परिवहन विभाग भी तैयारी में जुटा है। कांवड़ यात्रा की तैयारियों की बैठक में जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अब परिवहन विभाग नेशनल और स्टेट हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सर्वे कराएगा।
सर्वे के एक अलग भाग में यातायात व्यवस्था को भी आसान बनाने पर काम किया जाएगा। इस सर्वे में एक जुलाई से क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम निर्माण विभाग और पुलिस की भी मदद लेगी। तीनों विभाग के अधिकारी नेशनल और स्टेट हाईवे पर एक हफ्ते के अंदर सर्वे कर सुझाव और समाधान के बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करेंगे। एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्णा पलाड़िया ने बताया कि सर्वे जुलाई के पहले सप्ताह में किया जाएगा। सड़क हादसों और यातायात व्यवस्था समेत अन्य समस्याओं पर सुझाव और समाधान की रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
सर्वे में इन पर रहेगा ध्यान
-सड़क के गड्ढे
-अतिक्रमण
-खतरनाक किनारे
-नो पार्किंग
-हाईवे के खंभे
-ट्रांसफार्मर
-संपर्क मार्ग
चार टीमों का होगा गठन
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की ओर से सर्वे के लिए चार टीमों का गठन किया जाएगा। यह टीम मंगलौर, नारसन, इमली खेड़ा, बुग्गावाला, खानपुर, लक्सर और रुड़की से नारसन के बीच स्टेट और नेशनल हाईवे के कई किलोमीटर के ट्रैक पर कमियों को ढूंढेंगी।