जेवर की दुकान में शार्ट सर्किट से लगी आग
- फोटो : amarujala
सिविल लाइंस क्षेत्र में दीपावली की रात एक ज्वलैर्स और एक गोदाम में आग लगी जिससे लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। दोनों ही स्थानों पर फायर ब्रिगेड ने समय रहते पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
सिविल लाइंस बाजार में दीपावली की देर रात चौकीदार ने एक दुकान में धुआं निकलता देखा। इस पर उसने तुरंत ही फायर स्टेशन को इसकी जानकारी दी। तत्काल एक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। धुआं एक मेडिकल स्टोर से निकलता देख फायर ब्रिगेड ने मेडिकल स्टोर स्वामी को बुलाया। दुकान खुलवाकर देखा गया तो पता चला कि आग मेडिकल स्टोर में नहीं बल्कि बराबर में स्थित लक्ष्मी ज्वैलर्स के यहां लगी है। इस पर ज्वैलर्स को बुलवाया गया। आनन फानन में दुकान का शटर खोला गया। फायर कर्मियों नेे दुकान की लाइट काटकर आग को बुझाया। आग से एक एसी, शोकेस, सीलिंग आदि जल गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने की वजह से दुकान में बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि इसके बाद भी करीब ढाई लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फायर ब्रिगेड के स्टेशन ऑफिेसर बीएल डबराल ने बताया कि आग लगने का कारण शॉट सर्किट मालुम हो रहा है। आग की जांच सीएफओ करेंगे।
वहीं सिविल लाइंस में नरेश भटेजा के गोदाम के बाहर पड़े गत्तों आदि में भी बीती रात आग लग गई। आईआईटी रुड़की के एक छात्र सारस्वत अग्रवाल ने आग की सूचना फायर स्टेशन को दी। जिसके चलते फायर ब्रिगेड ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है।
आग से ज्यादा नुकसान होने की जानकारी नहीं है।