फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल की वीडियो वायरल, जेएम ने जेलर और चिकित्सक से मांगी रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
रुड़की। रुड़की जेल के वायरल वीडियो में एक बंदी ने जेल प्रशासन पर नशे के इंजेक्शन देने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं जबकि दूसरे वीडियो में बंदी नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं। मारपीट की कथित घटना के बाद आरोप लगाने वाले युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामि बंसल ने जेल पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। इसके बाद डॉक्टर जेल पहुंचे थे और बंदी के स्वास्थ्य की जांच की थी। जेल में मोबाइल पहुंचना चिंता की बात है। मामले में जेलर और डॉक्टर से रिपोर्ट मांगी गई है। इसके बाद शासन को रिपोर्ट भेज कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
विज्ञापन

सोमवार को सोशल मीडिया पर जेल के अंदर के दो वीडियो वायरल हुए थे। वीडियो में जेल प्रशासन पर मारपीट और नशे के इंजेक्शन लगाने के आरोप लगाने वाले युवक की पहचान नगला कुबड़ा के ग्राम प्रधान कमरे आलम के भतीजे शाहबाज के रूप में हुई है। बता दें कि कमरे आलम की पिछले साल 20 दिसंबर को रामनगर कोर्ट के बाहर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वीडियो में शाहबाज आरोप लगा रहा है कि ग्राम प्रधान की हत्या के आरोपी जेल में बंद हैं और जेल प्रशासन ने उनके इशारे पर ही उसके साथ मारपीट की है। वह शरीर पर लगी चोट के निशान भी दिखाता नजर आ रहा है। दूसरी वीडियो में एक बैरक में कई बंदी जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में बदमाश चीनू पंडित भी नजर आ रहा है। मामले ने तूल पकड़ा तो मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बंसल ने जेल पहुंचकर जेलर जेपी द्विवेदी और एक डॉक्टर से जानकारी ली। वहीं, इस मामले की गूंज देहरादून तक भी पहुंची है। डीजी जेल डॉ. पीवीके प्रसाद ने जेलर से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
--
मैडम! बेटे को जेल में है खतरा
मामले सामने आने के बाद शाहबाज की मां मुसर्रत ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामि बंसल से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में बंद दूसरे पक्ष ने जेल प्रशासन से मिलीभगत कर उनके बेटे के साथ 21 और 22 की रात मारपीट करवाई है। आरोप लगाया जेल के अंदर उनके बेटे के साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है। इसलिए जेल में बंद दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। युवक की मां ने डीजी जेल, मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और मुख्य न्यायाधीश, नैनीताल हाईकोर्ट को भी शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन

--
रुड़की जेल का विवादों से है पुराना नाता
बदमाश सुनील राठी के जेल में रहकर मोबाइल चलाने का हो चुका है खुलासा
जेलर हत्याकांड, गैंगवार, बंदी फरारी और रंगदारी के मामले तक जेल से हैं जुड़े
मोनू शर्मा
रुड़की। रुड़की जेल का विवादों से पुराना नाता रहा है। जेल प्रशासन अपनी कारगुजारी से लेकर लापरवाही तक कई बार पहले भी चर्चाओं में रह चुका है। जेल अतिसंवेदनशील होने के बाद भी अधिकारियों ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई है। इसके चलते एक बार फिर जेल के अंदर चल रहे कारनामों के दो वायरल वीडियो ने पोल खोल दी है। अब देखना यह है कि राजधानी में बैठे जेल अधिकारी मामले में क्या संज्ञान लेते हैं। या फिर पहले की तरह मामले को रफा दफा कर दिया जाएगा।
रुड़की जेल के अंदर होने वाले कारनामे किसी से छिपे नहीं हैं। जेल की बोतल में बंद जिन्न कई बार बाहर आए तो खूब फजीहत हुई। चाहे वह जेल के बाहर जेलर की हत्या हो, रुड़की जेल में रहते हुए बदमाश सुनील राठी के मोबाइल चलाने, जेल के गेट पर ही गैंगवार, जेल के अंदर से बंदी फरार होने, चमोली जेलर के सरकारी आवास में चोरी और जेल में बंद बदमाश के कहने पर दो बंदीरक्षकों द्वारा एक कारोबारी से रंगदारी मांगने का मामला हो। इन सभी मामलों ने जेल प्रशासन की कार्यशैली से लेकर सुरक्षा के तमाम दावों की पोल खोली है, लेकिन कभी अधिकारियों ने रुड़की जेल को गंभीरता से नहीं लिया। इसी का नतीजा है कि एक बार फिर जेल के अंदर का जिन्न वायरल वीडियो के रूप में बाहर आ गया है। जेल के अंदर मोबाइल पहुंचना और जेल प्रशासन पर मारपीट का आरोप लगना कई सवाल खड़े कर रहा है।
--
जेल में बंदियों के बीच गैंगवार की आशंका
वायरल दोनों वीडियो में खास बात यह है कि ग्राम प्रधान कमरे आलम पक्ष और आरोपी पक्ष दोनों ही इस समय रुड़की जेल में ही हैं। यह भी जगजाहिर है कि दोनों पक्षों की पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसके चलते दो हत्याएं पहले हो चुकी हैं। ग्राम प्रधान की हत्या के बाद परिवार के लोगों ने सिविल अस्पताल में खून का बदला खून से लेने की बात कही थी। इसके बाद ग्राम प्रधान पक्ष के युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने के बाद आशंका जताई जा रही है कि जेल के अंदर कभी भी गैंगवार हो सकती है।
--
वीडियो से जेल में मोबाइल चलने की तस्दीक
रुड़की जेल में मोबाइल चलने को लेकर कई बार सवाल खड़े हो चुके हैं, लेकिन हर बार जेल प्रशासन ने इन्हें महज अफवाह करार देकर पल्ला झाड़ लिया है। अब जेल के अंदर के दो वायरल वीडियो से इसकी तस्दीक होती है कि जेल में मोबाइल चल रहा है, लेकिन सवाल यह है कि जेल के अंदर मोबाइल कैसे पहुंचा।
--
चीनू की फेसबुक प्रोफाइल होती है अपडेट
रुड़की जेल की अंदर के जो दो वीडियो वारयल हो रहे हैं, उनमें से एक वीडियो में बदमाश चीनू पंडित भी नजर आ रहा है, जो कि वीडियो खुद ही बना रहा है। इतना ही नहीं चीनू का फेसबुक पर भी एकाउंट है, जो अक्सर बीच-बीच में अपडेट होता रहता है। यहां सवाल यह भी है कि चीनू पंडित का फेसबुक एकाउंट कैसे अपडेट हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें