रुड़की में दिल्ली-हरिद्वार हाइवे पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : ROORKEE
जनता कर्फ्यू के चलते रविवार को शहर के घरों में अलग ही नजारा था। एक तरफ जहां शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने परिवार संग पेटिंग बनाई तो बड़े बुजुर्गों ने बच्चों के साथ गेम और ताश खेलकर समय बिताया। परिवार के एक साथ घर में होने पर लोगों ने खुशी जताई तो कोरोना से बचाव को घर से बाहर न निकलने की अपील और भगवान से इस आपदा को खत्म करने की प्रार्थना की।
कोरोना से लड़ाई लड़ने की जनता कर्फ्यू की अपील को शहर के जनप्रतिनिधियों से लेकर आमजन तक ने समर्थन कर सहयोग किया। आरओ वॉटर कारोबारी गौरव सिंघल ने अपने प्लांट पर भाई के साथ ताश खेलकर समय बिताते हुए लोगों से घर में रहकर सावधानी बरतने की अपील की। विश्वकर्मा चौक स्थित डेयरी कारोबारी प्रवीण भारद्वाज ने भी परिवार संग घर में टीवी और गेम खेलकर समय बिताया। उन्होंने लोगों से घर में रहकर जनता कर्फ्यू का समर्थन करने की शहर के लोगों से अपील की। आदर्शनगर निवासी बुजुर्ग करतार सिंह, हुकम सिंह ने आपस में ताश खेलकर समय बिताया। उन्होंने बच्चों और नौजवानों को घर में ही रहकर जनता कर्फ्यू में सहयोग करने की अपील की।