बाइक पर जा रहे तीन छात्रों को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने सुल्तानपुर बेगमपुल पर टक्कर मार दी जिससे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
बहादरपुर खादर गांव निवासी रोबिन कुमार, विकास कुमार और रोहित कुमार तीनों सुल्तानपुर कस्बे के एक आईटीआई कालेज में पढ़ाई कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को तीनों एक बाइक पर सवार होकर अपने गांव बहादरपुर से सुल्तानपुर आईटीआई के लिए चले। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जैसे ही वह सुल्तानपुर कस्बा के निकट बेगम पुल पर पहुंचे तो पीछे से जा रहे एक ट्रक ने छात्रों की बाइक में टक्कर मार दी जिससे एक छात्र रोबिन कुमार (17 वर्ष) पुत्र राजकुमार निवासी बहादरपुर खादर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर सवार अन्य दो छात्र विकास पुत्र चंद्रलाल और रोहित पुत्र महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए लक्सर अस्पताल पहुंचाया। लक्सर कोतवाली प्रभारी जयदेव आर्य ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को कब्जे में लेकर फरार हुए ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।