लैब टेक्नीशियन की खून से सनी कार और उसकी हत्या की आशंका में अवैध संबंध का मामला सामने आ रहा है। पुलिस के अनुसार अब तक जांच में जगपाल के गांव की ही एक विवाहिता से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली है। इसी महिला की रिश्तेदारी में कोई शादी थी, जिसमें शामिल होने जगपाल रुड़की आया था। ऐसे में जांच के लिए पुलिस की एक टीम सहारनपुर रवाना कर दी गई है।
लैब टेक्नीशियन की मंगलौर में खून से सनी कार मिलने के बाद पुलिस और परिजनों को समझ में नहीं आ रहा है कि आखिरकार जगपाल की कार यहां कौन लेकर आया। पुलिस के अनुसार जगपाल की हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि शव मिलने तक इसका खुलासा करने से पुलिस भी बच रही है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी दिनभर मामले की पड़ताल में लगे रहे। साथ ही जांच के लिए पुलिस की एक टीम सहारनपुर भी रवाना की गई। दिनभर चली जांच में जगपाल के एक महिला से प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस मामले में ठोस सुराग मिलने और जल्द खुलासे का दावा भी कर रही है। दूसरी ओर लापता जगपाल सिंह के भाई शेर सिंह के मुताबिक उनका भाई काफी खुश मिजाज था। उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उसने गांव के अलावा सहारनपुर के रामनगर मार्ग इलाके में भी अपना मकान बनाया हुआ है। शेर सिंह के मुताबिक जगपाल के दो बेटे और एक बेटी है। बेटा 11 वीं में पढ़ रहा है, जबकि बेटी जीएनएम का कोर्स कर रही है।
शव की तलाश में खंगाली गंगनहर
लैब टेक्नीशियन का शव नहर में डाले जाने की आशंका के चलते जल पुलिस ने बोट से गंगनहर को घंटों खंगाला, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पहले कुछ देर तक तो बोट में बैठे पुलिस के जवान रस्से व कांटे के सहारे शव की तलाश करते रहे, लेकिन बाद में बोट का तेल खत्म हो गया और तलाश का काम बीच में रुक गया। बाद में कोतवाली के पुलिस कर्मियों ने तेल लाकर दिया और बोट चालू कराई। काफी तलाश के बाद भी शव नहीं मिला। इस कवायद के दौरान गंगनहर के किनारे लोगों की भीड़ लगी रही। लापता जगपाल के परिवार के लोग भी गंगनहर किनारे मौजूद रहे।