ससुराल में रह रही पत्नी के साथ पति ने दोस्तों के संग मारपीट कर दी। इतना ही नहीं पति ने अपहरण करने का प्रयास किया। महिला के परिजनों ने बीच बचाव कराया तो उनके साथ भी मारपीट कर दी। महिला व उसके परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पति के खिलाफ मारपीट और अपहरण का प्रयास करने की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला सती निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि करीब 16 साल पूर्व उसकी शादी मुजफ्फरनगर में हुई थी। करीब तीन माह पूर्व पति ने दहेज की खातिर मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही थी। आरोप है कि इस बीच पति घर पहुंचा और तीन तलाक देकर चला गया। पुलिस में तीन तलाक की शिकायत करने के बाद अब पति केस वापस लेने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि शुक्रवार की रात पति अपने चार दोस्तों के साथ रुड़की पहुंचा। यहां वह जबरन घर में घुस आया और गाली गलौज करने लगा। आरोप है कि उसके अपने साथियों के साथ मिलकर पत्नी को जबरन ले जाने का प्रयास करने लगा। शोर सुनकर आए परिजनों ने छुड़ाने का प्रयास किया तो पति ने उनके साथ भी मारपीट की। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी दोस्तों के साथ मौके से कार लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने शनिवार को परिजनों संग कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। साथ ही बताया कि वह अब अपने पति के संग नहीं जाना चाहती है। एसआई बारु सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पति पत्नी का आपसी विवाद चल रहा है।