दबंगों ने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर एक युवक और उसकी मां के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं दबंगों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। दोबारा सीसीटीवी कैमरे लगाने पर दबंगों ने जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में तहरीर दी है। उधर, मारपीट करने वाले अपने घर से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जौरासी गांव निवासी मनोज कुमार सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए। आरोप है कि सीसीटीवी कैमरे लगाने का गांव के ही कुछ लोग विरोध कर रहे थे। आरोप है कि सोमवार को मनोज काम से बाहर गए थे। इस बीच दबंग घर में घुस आए और मनोज की मां से अभद्रता की। इस बीच दबंगों ने मारपीट की और सीसीटीवी कैैमरे भी तोड़ डाले। शाम को मनोज घर पहुूंचे तो उनकी मां ने घटना की जानकारी दी। आरोप है कि मां से मारपीट करने पर दबंगों ने बेटे से भी अभद्रता करते हुए हाथापाई की। पीड़ित परिवार ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसएसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि मारपीट करने वालों की तलाश की जा रही है।