गन्ना विभाग की ओर से गोष्ठी का आयोजन कर किसानों को वसंतकालीन गन्ना बुआई के संबंध में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों से उन्नत प्रजातियों की बुआई और संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की अपील की।
लक्सर चीनी मिल के प्रधान गन्ना प्रबंधक डॉ. बीएस तोमर ने बताया कि गन्ना विभाग की ओर से जनपद में अलग-अलग स्थानों पर गन्ना किसानों के लिए किसान गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ज्वालापुर समिति क्षेत्र में आयोजित की गई। किसान गोष्ठी में मुख्य अतिथि सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी ने कहा कि किसान वसंतकालीन गन्ना बुआई के दौरान 118, 16202, 18931, 17231, 5009, 239 जैसी उन्नत प्रजातियों की बुआई करें।
कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी के वैज्ञानिक डॉ. विनोद सिंह ने ट्राइकोडर्मा और काटूगोल्ड के प्रयोग की जानकारी दी। प्रधान गन्ना प्रबंधक डॉ. बीएस तोमर ने बताया कि किसान ट्रेंच विधि अपनाकर अधिक पैदावार प्राप्त कर सकते हैं। 0238 प्रजाति के रेड रॉट रोग के कारण खराब होने की स्थिति को देखते हुए उन्होंने किसानों से अन्य उन्नत प्रजातियों की बुआई करने की अपील की। किसान गोष्ठी में गन्ना विभाग के अधिकारी और किसान मौजूद रहे।