भगवानपुर क्षेत्र के मंडावर पुलिस चेक पोस्ट पर बाहर से आने वाले वाहनों की चैकिंग करती पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
पुलिस ने दो दिन के लॉकडाउन को देखते हुए शुक्रवार से ही बॉर्डर पर सतर्कता बढ़ा दी। इसके चलते बॉर्डर पर पहुंचने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान भगवानपुर के दोनों बॉर्डर व नारसन बॉर्डर पर सैकड़ों वाहनों को वापस लौटाया गया। ये वाहन स्वामी बिना अनुमति के प्रवेश की कोशिश कर रहे थे। वहीं शहर के अंदर भी पुलिस ने एक दिन पहले से ही सख्ती करनी शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह से ही सोशल मीडिया आदि पर लॉकडाउन को लेकर जानकारी वायरल हो रही थी। शुक्रवार की दोपहर को प्रदेश सरकार की ओर से घोषणा कर दी गई कि सोमवार को सोमती अमावस्या है। इस कारण शनिवार व रविवार को पूर्ण लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन की घोषणा को देखते हुए बॉर्डर पर सतर्कता बढ़ा दी गई। क्योंकि जानकारी मिल रही थी कि कुछ लोग शुक्रवार को ही प्रदेश में एंट्री करना चाह रहे थे ताकि सोमवार को सोमती अमावस्या के दिन हरिद्वार में गंगा स्नान किया जा सके। इसके लिए बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। भगवानपुर के काली नदी चौकी पर तैनात एसआई प्रदीप रावत ने बताया कि बॉर्डर पर 36 वाहन ऐसे पहुंचे हैं, जिनके पास अनुमति नहीं थी। इसके बाद इन वाहनों को वापस लौटा दिया गया है। भगवानपुर के मंडावर चेक पोस्ट पर तैनात एसआई शरद सिंह ने बताया कि सघन चेकिंग के बाद 22 वाहनों को वापस किया गया है। इसके साथ ही नारसन बॉर्डर पर भी गहनता के साथ वाहनों की चेकिंग की गई। वहीं बिना अनुमति के आने वाले वाहनों को वापस भेजा गया है। ऐसे वाहनों की संख्या करीब पचास रही है। सीओ अभय प्रताप सिंह ने बताया कि बॉर्डर बिना पास वालों को बॉर्डर से अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि आज और कल दो दिन लॉकडाउन का सख्ती से पालन होगा। अगर कोई उल्लंघन करता है तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।