इनकम टैक्स विभाग की ओर से मंगलवार को शहर के तीन स्थानों पर छापेमारी की गई। साथ ही उनके घर और गोदाम खंगाले गए। सुबह 11 बजे पहुंची आयकर विभाग की टीम देर शाम सात बजे तक संपत्तियों की पड़ताल करती रही। कार्रवाई में रुड़की और हरिद्वार से आयकर के अधिकारी शामिल थे। नोटबंदी के बाद आयकर विभाग की ओर से की गई कार्रवाई से अन्य पूंजीपतियों में भी हड़कंप मचा रहा।
हरिद्वार और रुड़की स्थित इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ रुड़की में सिगरेट बीड़ी के दो कारोबारियों के यहां छापेमारी की। इसके तहत आयकर विभाग की टीम पुराना रेलवे रोड स्थित करुणा एंटरप्राइजेज के स्वामी मनोज गोयल के घर पहुंची। वहीं दूसरी टीम ने बीटी गंज स्थित रामलाल बतरा एंड संस के प्रतिष्ठान एवं रामनगर स्थित गोदाम पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार रामनगर स्थित गोदाम सोनिया बत्रा के नाम से है। अलग-अलग स्थानों पर पहुंची आयकर विभाग की टीम सुबह करीब 11 बजे से देर शाम सात बजे तक पड़ताल करती रही, हालांकि जांच के दौरान क्या चीजें सामने आई इसका खुलासा नहीं हो सका है। छापे की कार्रवाई के दौरान टीम ने किसी को भी न तो अंदर आने दिया और न ही बाहर जाने दिया।
कार्रवाई सुबह शुरू हुई और देर शाम तक चलती रही। टीम ने कारोबार से जुड़े तमाम कागजात और रजिस्टर देखे। इनकम टैक्स के एक अधिकारी ने बताया कि नोटबंदी के दौरान अचानक खातों में जमा की गई राशि के आधार पर छापेमारी की गई है। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। इनकम टैक्स की इस कार्रवाई के कारण शहर के अन्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही।