इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) से जुड़े डॉक्टरों ने आयुर्वेदिक चिकित्सकों को सर्जरी का अधिकार दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। साथ ही दो घंटे तक ओपीडी बंद रखी। उन्होंने इस अधिकार को वापस लिए जाने की मांग की।
मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रुड़की के डॉक्टर बोट क्लब पर एकत्रित हुए। उन्होंने आयुष मंत्रालय भारत सरकार की भारतीय चिकित्सा केंद्रीय परिषद की ओर से आयुर्वेद चिकित्सकों को सर्जरी की अनुमति के विरोध में प्रदर्शन किया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. विकास त्यागी ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सकों को सर्जरी की अनुमति दिया जाना सीधे-सीधे मरीजों की जान से खिलवाड़ है। इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केवल एलोपैथ में ही सर्जरी की अनुमति है।
इसके अलावा किसी अन्य पैथी को सर्जरी की अनुमति देना गलत है। यदि इसे वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज करेंगे। इस दौरान डॉ. अशंक ऐरन, डॉ. वंदना ग्रोवर, डॉ. शमीम अहमद, डॉ. बीएस सैनी, डॉ. प्रवीण गोठी, डॉ. वीके सिंह, डॉ. पीके सिंह, डॉ. सुधीर अग्रवाल, डॉ. चक्षु, डॉ. ज्योत्सना, डॉ. अंकुर सैनी, डॉ. आनंद गोस्वामी, डॉ. श्री मोहन, डॉ. डीडी लुंबा और डॉ. महिपाल मौजूद रहे।