रुड़की। अखिल भारतीय आईडीबीआई बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी संगठन के आह्वान पर शुक्रवार को देशभर में आईडीबीआई बैंकों की हड़ताल रही। इस दौरान रुड़की में आजादनगर स्थित शाखा पर भी ताला लटका रहा। मौके पर एकत्रित कर्मचारियों और अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन कर निजीकरण के खिलाफ हुंकार भरी।
वक्ताओं ने कहा कि भारत सरकार की ओर से विभिन्न बैंकों को निजी हाथों में देने की कवायद की जा रही है। इसके तहत सर्वप्रथम आईडीबीआई बैंक के निजीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसका सभी कर्मचारी और अधिकारी पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर एक दिनी देशव्यापी हड़ताल के बाद भी सरकार की ओर से सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती तो फिर बैंककर्मी बेमियादी हड़ताल और आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। दूसरी ओर बैंक बंदी के कारण विभिन्न कार्यों से पहुंचे उपभोक्ताओं को बैरंग वापस लौटना पड़ा। उनका कहना था कि अब शनिवार और फिर रविवार को भी बैंक बंद रहेंगे, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस मौके पर आईडीबीआई रुड़की शाखा के प्रबंधक राजेंद्र सिंह, अमित बालियान, भाष्कर गुप्ता, मनीष रावत, श्वेता उनियाल, मीनू कुमारी, विपिन चौहान, दीपक बत्रा आदि उपस्थित थे।