स्वच्छता भारत मिशन के तहत भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को स्वच्छ भारत मिशन की दो दिवसीय टीम रुड़की पहुंची। टीम के सदस्यों ने शहर के गली-मोहल्लों में घुम- घूम कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय लोगों से भी सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
शहरी विकास मंत्रालय की ओर से देश के 500 शहरों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत सर्वेक्षण कराया जा रहा है। जिसके चलते शनिवार को मिशन की दो सदस्य टीम रुड़की पहुंची। टीम की ओर से शहर का सर्वे किया जाना है। इस सर्वे में 45 प्रतिशत अंक नगर निगम सफाई व्यवस्था को लेकर उपलब्ध संसाधनों पर दिए जाने है। 30 प्रतिशत अंक टीम सिटीजन फीडबैक और 25 फीसदी अंक डायरेक्टर ऑब्जर्वेशन के आधार पर दिये जाने हैं।
टीम के सदस्यों ने नगर निगम के पास उपलब्ध सफाई व्यवस्था के संसाधन और मैनपावर देखी। इसके बाद टीम के सदस्यों ने सिविल लाइंस, गणेशपुर, शेखपुरी, रामनगर, रामपुर, सालियर खत्ता, मच्छी मोहल्ला, चावमंडी, पूर्वी अंबर तालाब एवं पश्चिमी अंबर तालाब देखा। वहां की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी प्रतिदिन होने वाली सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी ली । सफाई निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को भी टीम की ओर से सर्वे किया जाएगा।