रुड़की में वाहन चालकों का ई-चालान काटती यातायात पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
अब यदि आपने यातायात नियमों का उल्लंघन किया तो आपके हाथ में मैन्युअल चालान की जगह ई-चालान आएगा। चालान भुगतने के लिए आपको कोर्ट में जाना होगा। पहले दिन यातायात पुलिस ने दो ई-चालान काटे।
पुलिस मुख्यालय की ओर से यातायात पुलिस और सीपीयू को हाईटेक करने के बुधवार को 10 ई-चालान मशीनें दी गईं। इन मशीनों में से दो मशीनें यातायात पुलिस और आठ मशीनें सीपीयू (सिटी पेट्रोल यूनिट) को दी गईं। यातायात पुलिस ने पहले दिन दो ई-चालान किए। यातायात निरीक्षक मोहम्मद अकरम ने बताया कि ई-चालान मशीन से बृहस्पतिवार से ई-चालान काटने शुरू किए गए। पहले दिन दो ई-चालान किए गए। उन्होंने बताया ई-चालान से अब वाहन स्वामी को जुर्माने का पता एकदम लग जाएगा। यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक जैसे ही ई-चालान मशीन में गाड़ी का पंजीकरण, पॉल्यूशन, फिटनेस, ओवरस्पीड, ड्रंकन ड्राइव आदि का विवरण फीड करेंगे। मशीन साथ ही साथ जुर्माना दिखाती रहेगी। कुल जुुर्माने का विवरण भी सामने आ जाएगा। वाहन स्वामी को अपने वाहन को कोर्ट से ही छुड़ाना होगा। वाहन को सीज करने की बजाय वाहन स्वामी का डीएल या वाहन की आरसी को जमाकर वाहन को छोड़ा जाएगा। यदि कोई वाहन बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा हो तो उसके विवरण चेसिस नंबर के आधार पर फीड किया जाएगा। यदि वाहन स्वामी ने अपने वाहन से संबंधित कागजात डीजी लॉकर में रखे हैं तो वहां से वाहन के कागजात सर्च किए जाएंगे।