नगर और कस्बा क्षेत्र में सप्ताहांत के दौरान लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत शनिवार और रविवार को भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे सभी वाहनों को मंगलौर और रुड़की के बीच स्थित अब्दुल कलाम चौक के पास रोका जाएगा ताकि शहर के मुख्य बाजारों और पर्यटन मार्गों पर यातायात सुचारू बना रहे। भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होने से सड़क हादसों के कम होने का दावा किया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार वीकेंड पर हरिद्वार, ऋषिकेश और आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से रुड़की व मंगलौर में अक्सर लंबा जाम लग जाता है। भारी वाहनों के शहर से गुजरने के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ती थी। यातायात निरीक्षक राजेंद्र नाथ ने बताया कि वीकेंड पर ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह प्लान लागू किया गया है।
भारी वाहनों को मंगलौर के अब्दुल कलाम चौक के पास रोककर वैकल्पिक समय पर छोड़ा जाएगा ताकि शहर के भीतर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। पुलिस का उद्देश्य आमजन और पर्यटकों को जाम से राहत देना है। वाहन चालकों से अपील है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित रूट डायवर्जन का सहयोग करें ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।