संदिग्ध बैंक खातों के जरिये लाखों रुपये की हेराफेरी और अवैध लेनदेन के मामले में फरार चल रही एक महिला की तलाश में हरियाणा के पानीपत जिले की पुलिस ने रुड़की में कई स्थानों पर छापे मारे। मोबाइल लोकेशन के आधार पर महिला के रुड़की में छिपे होने की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की गई लेकिन आरोपी महिला का सुराग नहीं लग पाया।
एक माह पूर्व पानीपत में फर्जी बैंक खातों के माध्यम से लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन और हेराफेरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान साइबर सेल और पानीपत पुलिस को एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली जो लोगों के नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाकर विभिन्न राज्यों से धनराशि का ट्रांसफर करवा रहा था।
मामले में कार्रवाई के लिए पानीपत पुलिस के दरोगा हैप्पी सिंह अपनी टीम के साथ गंगनहर कोतवाली पहुंचे और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ जानकारी साझा की। देर रात सूचना मिली कि मुख्य आरोपी महिला शक्ति विहार कॉलोनी में छिपी हुई है। इसके बाद पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पूछताछ के लिए एक महिला और उसके एक सहयोगी को भी साथ लाया गया था।
घंटों चली कार्रवाई के बावजूद महिला हाथ नहीं लग सकी। गंगनहर कोतवाली इंस्पेक्टर मणिभूषण श्रीवास्तव का कहना है कि हरियाणा पुलिस बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन के मामले में आरोपी महिला की तलाश में रुड़की आई थी। फिलहाल महिला फरार है और उसकी तलाश जारी है। स्थानीय पुलिस उसके संपर्क में रहे लोगों की पहचान कर आवश्यक जानकारी जुटा रही है।