हरिद्वार/रुड़की। हरिद्वार जिले के मंगलौर और रुड़की क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए चारों युवकों का आतंकवादियों से संपर्क होने का खुलासा हुआ है। रातभर पुलिस और खुफिया विभाग की पूछताछ में चारों ने रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे किए। युवक अर्द्धकुंभ मेले में किसी ट्रेन में कलशों में बम रखकर विस्फोट करने की फिराक में थे। एसएसपी ने बताया कि इराक में बैठे इनके आका ने अभी तक 50 हजार रुपये उपलब्ध कराए हैं। रुपये मिलने पर चारों ने हरिद्वार की हरकी पैड़ी, रेलवे स्टेशन आदि की रैकी की। इनमें से एक युवक को मिशन हिंदुस्तान की कमान सौंप कर ऑनलाइन बम बनाने की ट्रेनिंग भी दी गई थी। उसके बाद से चारों युवक आका के लगातार संपर्क में थे। इससे पहले इनके मंसूबे कामयाब होते गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और स्थानीय पुलिस ने चार युवकों को आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की साजिश में शामिल होने के आरोप में मंगलवार को उठाया था। रातभर पूछताछ के बाद बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने बताया कि करीब दो माह पहले हरिद्वार के कुछ युवकों की आतंकी संगठन से जुड़ने की गतिविधियों की सूचना मिली थी। उसके बाद दिल्ली की एनडीआर और उत्तराखंड पुलिस सक्रिय हुई। गतिविधियां ट्रेस करने पर सामने आया कि सोशल साइट्स के जरिए मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर निवासी अखलाकुर्रहमान (अखलाक) का इराक निवासी यूसुफ नाम के एक व्यक्ति के संपर्क में है। यूसुफ के इशारे पर उसने आसपास के युवकों को जोड़ा। अभी तक की जानकारी में इन्हें इराक में बैठे यूसुफ की ओर से 50 हजार रुपये उपलब्ध कराए। रुपये मिलते ही चारों और सक्रिय हो गए। हरकी पैड़ी समेत भीड़भाड़ वाले क्षेत्र की रैकी कर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी यूसुफ को लगातार उपलब्ध कराते रहे। ऊपर से मिले दिशा-निर्देशों पर चारों ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से भरी ट्रेन में विस्फोट कर उड़ाने की योजना तैयार की। इस पहले मंसूबे में कामयाब होते चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी ने बताया पूछताछ जारी है। हरिद्वार पुलिस के कुछ अधिकारी दिल्ली में मौजूद हैं। मेला पुलिस भी दिल्ली जाएगी।
यह हैं चारों आरोपी
1. पालीटेक्निक फाइनल ईयर का छात्र अखलाकुर्रहमान (अखलाक) पुत्र मोहम्मद नसीम निवासी तेल्लीवाला, डाबर वाली मजिस्द, ग्राम भगवानपुर चंदनपुर, थाना मंगलौर।
2. बीए द्वितीय वर्ष का छात्र ओसामा उर्फ आदिल उर्फ पीर पुत्र नफीज अहमद निवासी ग्राम जौरासी, थाना कोतवाली सिविललाइंस रुड़की।
3. मोहम्मद अजीमुस्सान पुत्र अब्दुल सत्तार निवासी मोहल्ला बाहरी किला, रुस्तम वाली गली, लंढौरा, थाना मंगलौर।
4. ऋषिकुल आयुर्वेद कालेज बीएएमएस प्रथम वर्ष बैच 2014 का छात्र मोहम्मद मेराज उर्फ मोनू पुत्र तज्जमुल हुसैन निवासी नगर पंचायत ऑफिस के पास लक्सर रोड, लंढौरा, थाना मंगलौर।