- सेंट्रल हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई ने मेडिकल जारी की नई गाइडलाइन
शादाब अली
पिरान कलियर। हज यात्रा 2026 पर जाने वाले यात्रियों के लिए इस बार स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा पैमाना होगा। सेंट्रल हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई ने मेडिकल स्क्रीनिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक सख्त और पारदर्शी बनाते हुए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। कमेटी ने स्पष्ट किया कि बिना सरकारी अस्पताल में पूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कराए किसी भी यात्री को हज यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। निजी अस्पतालों की जांच रिपोर्ट मान्य नहीं होगी। व्यवस्था के तहत चयनित यात्रियों को ब्लड प्रेशर, शुगर, किडनी व लिवर फंक्शन टेस्ट, छाती का एक्स-रे, आवश्यकता पड़ने पर ईसीजी तथा गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड जांच आदि करानी होगी। साथ ही मानसिक रूप से स्वस्थ होना भी अनिवार्य किया गया है।
सऊदी अरब की गाइडलाइन के अनुसार छह श्रेणियों के लोगों को हज यात्रा के लिए अनफिट घोषित किया जाएगा। इनमें गंभीर हृदय, किडनी या लिवर फेल्योर के मरीज, ऑक्सीजन पर निर्भर फेफड़ों के रोगी, सक्रिय टीबी से पीड़ित व्यक्ति, कीमोथेरेपी ले रहे कैंसर मरीज, गंभीर मानसिक रोगी तथा 28 सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा प्रत्येक हज यात्री के लिए अनिवार्य टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। हज यात्रियों की मेडिकल जांच सऊदी अरब पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर भी की जाएगी। वहां जांच में यदि कोई यात्री अपात्र पाया जाता है तो उसे अपने खर्च पर भारत वापस भेज दिया जाएगा। गलत मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने वाले चिकित्सकों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने बताया कि हज यात्रा अप्रैल और मई माह में शुरू होने की संभावना है। प्रदेश से इस साल 1366 यात्री हज पर जाएंगे।