पिछले कई वर्षों से किसानों को झेलनी पड़ रही थी सिंचाई में दिक्कतें
झबरेड़ा। क्षेत्र के कई गांवों के हजारों किसानों को फसलों की सिंचाई में बड़ी राहत मिलने वाली है। कोटवाल आलमपुर गांव से होकर गुजर रही पुरानी नहर की सफाई व समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है। इससे जिन छोटे रजवाहे व दूर की छोटी नालियों में पानी नहीं पहुंच रहा था वहां भी नहर का पानी आसानी से पहुंचेगा। झबरेड़ा विधान सभा क्षेत्र के लाठरदेवा हुन, कुमाराडा, कुमाराडी, साढ़ोली, शेरपुर खेलमऊ, कोटवाल आलमपुर, शीतलपुर, झबरेड़ा व साढ़ौला माजरा आदि गांव के किसानों के खेतों कि सिंचाई कोटवाल आलमपुर गांव से होकर गुजर रही पुरानी नहर के पानी से होती आ रही है। पिछले 35 वर्षों से नहर का समतलीकरण न हो पाने के कारण कुछ स्थानों पर लेवल सही नहीं था। इससे छोटे रजवाहे व नालियों में पानी की आपूर्ति सही नहीं हो पा रही थी। समाधान के लिए किसान नहर की सफाई व समतलीकरण की मांग करते आ रहे थे। हाल ही में नहर के स्तर को रजवाहे के स्तर से मिलाकर नहर का समतलीकरण भी किया है। इससे झबरेड़ा क्षेत्र के हजारों किसानों को सिंचाई में बड़ी राहत मिलेगी। किसान नेता सुभाष नंबरदार, किसान मजदूर संगठन के प्रवक्ता अरुण कुमार व किसान क्लब के अध्यक्ष कटार सिंह व कोटवाल के प्रधान शुभम कुमार आदि ने किसानों को सिंचाई की पर्याप्त सुविधा मिलने पर हर्ष व्यक्त किया है।