कुआंहेड़ी के गुड्डू की हत्या अवैध संबंधों की वजह से हुई थी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई घास काटने की दरांती भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार सुशील की पत्नी से गुड्डू के अवैध संबंध थे। जब इसकी जानकारी सुशील को हुई तो उसने खेत में दरांती से गुड्डू को मौत के घाट उतार दिया।
कुआंहेड़ी निवासी गुड्डू पुत्र किशन चंद नौ फरवरी को अपने घर से लापता हो गया था। 10 फरवरी को मोहम्मदपुर जट निवासी अभिषेक के खेत से उसका शव मिला था। मृतक के रिश्तेदार सुनील कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए सीओ परीक्षित कुमार ने बताया कि विवेचना के दौरान पता चला कि गांव के सुशील उर्फ मोटा की पत्नी से गुड्डू के अवैध संबध थे।
यही नहीं नौ फरवरी को सुशील ने गुड्डू को खेत में पत्नी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को तो घर भेज दिया, जबकि नशे की हालत में मिले गुड्डू का दरांती से गला काट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या आरोपी सुशील उर्फ मोटा पुत्र बिरम सिंह को गंगनहर पटरी से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त घास काटने की दरांती बरामद की गई है। इस हत्या का खुलासा करने में कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल, भगवान महर, सुखपाल मान, बाबू खां, सोहन मेहरा, सुधीर कुमार, फूल सिंह, पंकज कुमार , अरुण कमार आदि पुलिस कर्मी शामिल थे।