ट्रेनों में चोरी और झपटमारी की घटनाओं में संलिप्त गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अजय निवासी ग्राम अकौढ़ा कलां को बृहस्पतिवार को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ लक्सर जीआरपी और रानीपुर कोतवाली में छह से अधिक मामले दर्ज हैं।
तत्कालीन जीआरपी थानाध्यक्ष संजय शर्मा की ओर से आरोपी अजय निवासी अकौढ़ा कलां और शुभम गुप्ता निवासी लक्सर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपियों के खिलाफ लक्सर जीआरपी में चलती ट्रेन में चोरी और झपटमारी के छह मामले दर्ज हैं।
पिछले दिनों लक्सर रेलवे स्टेशन पर सूबेदारगंज एक्सप्रेस ट्रेन में एक यात्री का मोबाइल फोन छीनकर भागने के प्रयास में आरोपी अजय को गिरफ्तार किया गया था। गैंगस्टर एक्ट में मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी पुलिस से छिपकर बचता आ रहा था। एसपी जीआरपी तृप्ति भट्ट और सीओ स्वप्निल मुयाल ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
आरोपी के संबंध में जानकारी मिलने पर जीआरपी थानाध्यक्ष रचना देवरानी, एएसआई अतुल चौहान और कांस्टेबल सोनू कुमार ने जीआरपी एसओजी टीम की मदद से एक ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष रचना देवरानी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।