वार्डों में विभिन्न समस्याओं के विरोध में मंगलवार को नामित पार्षद शानो रानी ने महिलाओं के साथ मिलकर नगर पंचायत चेयरमैन का घेराव किया। साथ ही नगर पंचायत परिसर में धरना दिया। आरोप है कि क्षेत्रों में आवश्यक कार्यों की उपेक्षा की जा रही है, जबकि चहेतों के लिए बनी हुई सड़कों को दोबारा से बनाया जा रहा है।
चेयरमैन और ईओ के कार्यों से नाराज शानो रानी समर्थक महिलाओं के साथ सुबह साढ़े नौ बजे लंढौरा नगर पंचायत पहुंची। यहां आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जरूरतमंदों के राशनकार्ड, पेंशन आदि कार्य नहीं किए जा रहे हैं। लोगों के बिजली और पानी के बिल भी दुरुस्त नहीं हो पा रहे हैं।
स्थिति यह है कि जिनके पानी के बिल पहले एक हजार आते हैं वो 12 हजार तक आ गए, लेकिन शिकायतों के बाद कार्रवाई नहीं की जा रही है। यही नहीं नगर पंचायत की ओर से हाउस टैक्स में भी बढ़ोत्तरी कर दी गई जबकि मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को नहीं दी जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बनी हुई सड़कों को दोबारा बनाया जा रहा है जबकि टूटी सड़कों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर-5 में मेन रोड से रामसिंह डीलर वाली रोड खस्ताहाल है जिसमें दो महिलाएं बीते रोज बाइक से गिरकर घायल हो गईं। इसके बावजूद इसकी सुध नहीं ली जा रही है जबकि पास में ही चमनलाल डिग्री कालेज के सामने वाली रोड बनाई जा रही है।
उन्होंने मांग की पहले जरूरी सड़कों का निर्माण किया जाए। धरना प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में खुर्शीदा, महमूदा, मिर्जा, मुन्नी, कलावती, सोमवती, ओमकली, नत्थो, शकुंतला, पूनम, अनीता आदि उपस्थित थीं।