रुड़की। नेहरू नगर की एक गली में सार्वजनिक मार्ग पर लगा लोहे का गेट तोड़ने पर हंगामा खड़ा हो गया। नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से गेट तुड़वाया। क्षेत्रवासी इसके विरोध में उतर आए। स्थानीय पार्षद शशि शर्मा के बेटे व कुख्यात चीनू पंडित की पुलिस से जमकर नोक झोंक हुई। क्षेत्रवासियों ने कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए नगर निगम से ही दोबारा गेट बनवाने की मांग की।
हाईवे पर नेहरू नगर में जेल के सामने से जीआईसी रोड पर निकलने वाली गली के एक मुहाने पर डा. बीएस सैनी का हॉस्पिटल और दूसरे मुहाने पर पेट्रोल पंप है। इसके बीच कई मकान हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आरपार निकलने वाली गली में भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। दुर्घटनाओं की आशंका और सुरक्षा को देखते हुए हाईवे की तरफ हॉस्पिटल की बगल में दो दिन पहले लोहे का गेट लगाया गया था। क्षेत्रवासियों के मुताबिक इसकी विधिवत जानकारी नगर विधायक प्रदीप बत्रा से लेकर पुलिस और प्रशासन को दी गई थी। इस बीच मेयर यशपाल राणा के निर्देश पर निगम की टीम ने चेतक पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से गेट तुड़वा दिया।
गेट तोड़ने की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। इसी बीच चीनू पंडित भी मौके पर पहुंचा और गेट तोड़ने पर आपत्ति जताई। उसकी पुलिसकर्मियों से नोंक झोंक भी हुई। क्षेत्रवासी देशराज सैनी, लोकेश सैनी, रामकुमार, पंकज, राजकुमार आदि ने नगर निगम से दोबारा गेट लगाने की मांग की। ऐसा न होने पर खुद ही दोबारा गेट लगाने का अल्टीमेटम भी दिया। कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल, पुरानी तहसील चौकी प्रभारी रणवीर सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
क्षेत्रवासी बोले, रामनगर की हर गली में है गेट
हंगामे के दौरान लोगों ने कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए याद दिलाया कि शहर की तमाम गलियों में गेट लगाए गए हैं। खासकर रामनगर की हर गली में गेट हैं। सिर्फ इसी गेट पर नगर निगम ने बिना सोचे समझे कार्रवाई क्यों की।
- चीनू के आते ही आया घटना में ट्र्विस्ट, गायब हुई टीम
गेट तुड़वाने के लिए जेई प्रेम कुमार शर्मा की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची थी। चंद मिनट में गेट तोड़ते ही हंगामा शुरू हो गया। कुख्यात चीनू पंडित के पार्षद पुत्र के तौर पर सामने आने से और ट्र्विस्ट बढ़ गया। इसके बाद पुलिस लोगों से जूझती रह गई और नगर निगम की टीम चुपचाप सरक गई। शहर की राजनीति से पुलिस प्रशासन के अफसर भी वाकिफ हैं। यही वजह है कि भविष्य के लिए पुलिस ने पूरे हंगामे की वीडियोग्राफी भी की।